नई दिल्ली: फिजिक्स वाला के संस्थापक अलख पांडे ने पटना के दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद में यूट्यूबर और शिक्षक खान सर का समर्थन किया है. उनसे पहले नीतू मैम (KD Campus की संस्थापक) और पूर्व UPSC शिक्षक व इन्फ्लुएंसर अमित किल्होर भी खान सर के समर्थन में सामने आ चुके हैं.
यह विवाद खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के बीच टकराव से शुरू हुआ था. ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के मालिक रौशन सर हैं. रौशन सर के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद खान सर पर इसके लिए जिम्मेदार होने के आरोप लगाए गए हैं.
15 जून की रात फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अलख पांडे ने कहा, “मैं खान सर के साथ खड़ा हूं. मुझे बहुत सारे कमेंट मिल रहे थे कि मैं खान सर के बारे में कुछ बोलूं. जब आपके भाई के साथ कोई घटना होती है, तो आप वीडियो बनाएंगे या उसकी मदद करेंगे?”
उन्होंने आगे कहा, “जिस व्यक्ति ने देश के लिए इतना कुछ किया, जिसने यूट्यूब और दूसरे प्लेटफॉर्म के जरिए शिक्षा को इतना सस्ता और सुलभ बनाया, क्या उसकी जिम्मेदारी अस्पताल खोलना और स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता करना भी है? आज उसे बदले में ‘फैसल खान’ कहकर बुलाया जा रहा है.”
खान ग्लोबल स्टडीज बनाम ज्ञान बिंदु
दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच यह घटना 2 जून को हुई थी.
खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु, दोनों ने बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में अपने छात्रों की सफलता का जश्न मनाने के लिए जून में सम्मान समारोह आयोजित करने की योजना बनाई थी. मुसल्लाहपुर हाट इलाके में परीक्षा परिणाम सिर्फ प्रचार का साधन नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा का भी सवाल होते हैं. छात्रों के चयन की घोषणा वाले बड़े-बड़े होर्डिंग पूरे इलाके में लगाए गए थे.
तनाव तब बढ़ गया जब ज्ञान बिंदु द्वारा लगाया गया एक पोस्टर कथित तौर पर फाड़ दिया गया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई.
देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया. आरोप है कि कुछ लोग खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर पहुंचे और वहां लगे साइनबोर्ड व पोस्टरों को नुकसान पहुंचाया. उन्होंने एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसके तुरंत बाद खान सर ने आरोप लगाया कि हमले में शामिल लोगों ने उनके कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग भी की थी.
इस मामले में रौशन सर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उनके भाई और कुछ अन्य लोग कथित तौर पर नेपाल भाग गए थे और वहीं रह रहे थे.
सोमवार को रौशन सर के भाई की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसी दिन रौशन सर को जमानत भी मिल गई.
जेल से बाहर आने के बाद रौशन सर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “खान सर ने मेरे भाई की हत्या करवाई है.”
खान सर के खिलाफ भी एक एफआईआर दर्ज की गई थी. आरोप लगाया गया कि उन्होंने अपने गार्ड को गोली चलाने का निर्देश दिया था और बाद में इस जानकारी को छिपाया था. हालांकि, खान सर की कभी गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें ज़मानत मिल गई. पटना पुलिस ने पहले कहा था कि खान सर फरार हैं. रौशन सर के भाई की मौत के बाद यह विवाद और तेज हो गया है. खान सर ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर शोक व्यक्त किया.
अलख पांडे ने खान सर के समर्थन में 1 मिनट 20 सेकंड का एक वीडियो जारी किया.
उन्होंने कहा, “मेरी खान सर से बात हुई थी और हम दोनों इस बात पर सहमत हैं कि मामले की सही जांच होनी चाहिए. पुलिस सामने आकर सच्चाई बताए. अगर खान सर दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए. मुझे इतना भरोसा है. रौशन सर के भाई के साथ जो हुआ वह बेहद दुखद है. मैं आखिर तक खान सर के साथ खड़ा हूं. हम पुलिस से अनुरोध करते हैं कि इस मामले में जो भी दोषी हो, उसे फांसी दी जाए.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: पटना की कोचिंग जंग और खान सर की अनजान दुनिया