जबलपुर, एक मई (भाषा) मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में पलटे क्रूज पर सवार तीन और लोगों के शव बरामद होने के बाद इस हादसे में मारे गए लोगों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर सात हो गई।
मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया कि कुछ पर्यटक अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और इस हादसे के लिए दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर में अचानक आई आंधी के कारण एक क्रूज बृहस्पतिवार शाम बरगी बांध में पलट गया था। इस क्रूज में 29 यात्री और चालक दल के दो सदस्य सवार थे।
मंत्री ने बताया कि तीन और लोगों के शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। अब तक 16 लोगों को बचाया जा चुका है।
अधिकारियों ने पहले चार लोगों की मौत होने की जानकारी दी थी।
बरगी बांध जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बना है।
भाषा सिम्मी यासिर
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.