बेनोनी, 28 अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1-4 की निराशाजनक हार के बावजूद उनकी टीम को इस दौरे से काफी कुछ सीखने को मिला है।
भारत ने पहले तीन मैच गंवाने के बाद चौथा मैच जीता लेकिन वह सोमवार को यहां पांचवें और अंतिम टी20 में 23 रन से हार गया।
इस चुनौतीपूर्ण श्रृंखला के समाप्त होने के बाद मजूमदार ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह शानदार श्रृंखला रही, जिसमें दोनों टीम के बीच अच्छा मुकाबला हुआ। शुरुआत से ही मुकाबला कड़ा था और दक्षिण अफ्रीका में आकर खेलना बहुत अच्छा रहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर परिणाम हमारे पक्ष में नहीं रहा। 4-1 के परिणाम से हम थोड़े निराश हैं, लेकिन हमने इस श्रृंखला से बहुत कुछ सीखा है।’’
मजूमदार ने कहा कि भारत की पावरप्ले में विकेट लेने में नाकामी और बल्लेबाजी में मैच का अच्छी तरह से समापन नहीं कर पाना, दो ऐसे क्षेत्र थे, जिनमें टीम शुरू में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत में पावरप्ले में हम विकेट नहीं ले पा रहे थे। यह हमारे लिए चिंता का विषय था और साथ ही बल्लेबाजी में फिनिशिंग भी। लेकिन हमने पिछले तीन मैचों में इन कमियों को दूर कर लिया है।’’
भारतीय कोच ने ने कुछ खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन को टीम के लिए सकारात्मक पहलू माना। इनमें कप्तान हरमनप्रीत कौर का प्रदर्शन भी शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले तो हरमन का फॉर्म शानदार रहा है, वह अच्छी बल्लेबाजी कर रही हैं और उनकी कार्यशैली भी लाजवाब है। पिछले कुछ मैचों में ऋचा (घोष) का अच्छा प्रदर्शन और दीप्ति (शर्मा) की फॉर्म में वापसी भी हमारे लिए सकारात्मक पहलू रहे।’’
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.