scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतएनटीपीसी बिहार के बांका में कुल 1,400 मेगावाट की दो परमाणु इकाइयों पर कर रही विचार

एनटीपीसी बिहार के बांका में कुल 1,400 मेगावाट की दो परमाणु इकाइयों पर कर रही विचार

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने की योजना के तहत सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनटीपीसी बिहार के बांका जिले में 700-700 मेगावाट की दो परमाणु इकाइयां स्थापित करने पर विचार कर रही है। इस परियोजना पर लगभग 25,000 करोड़ रुपये का निवेश हो सकता है।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि पटना से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित इस जिले में प्रस्तावित दो परमाणु इकाइयों के लिए फिलहाल व्यवहार्यता अध्ययन किया जा रहा है।

बिहार सरकार ने परियोजना के लिए पूरा सहयोग और जल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इन इकाइयों के लिए करीब 1,000 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी।

उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, एक गीगावाट क्षमता के परमाणु संयंत्र पर 15,000 से 20,000 करोड़ रुपये का निवेश आता है।

अधिकारी ने कहा कि व्यवहार्यता रिपोर्ट पूरी होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।

एनटीपीसी देश के विभिन्न स्थानों पर करीब 30 गीगावाट की परमाणु क्षमता स्थापित करने की योजना बना रही है, जो 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु क्षमता हासिल करने के सरकारी लक्ष्य के अनुरूप है।

कंपनी 2032 तक कम से कम दो गीगावाट परमाणु क्षमता हासिल करने पर भी नजर रखे हुए है।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments