बुलंदशहर (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में वाद-विवाद के दौरान तीन युवकों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शनिवार देर रात खुर्जा नगर क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक स्कूल के पास आपसी कहासुनी में तीन लोगों को गोली मार दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल भिजवाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) के रूप में हुई है।
मेरठ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने बताया कि लोगों की शिकायतों और बताए गए घटनाक्रम के अनुसार कुछ युवकों का जिम में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जन्मदिन पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी होने पर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था।’’
पुलिस उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीम का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि फील्ड यूनिट मौके पर मौजूद है और कुछ साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिनका अलग से विश्लेषण किया जा रहा है।
नैथानी ने संवाददाताओं से कहा कि घटना के समय मौके पर मौजूद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो उसी समाज के हैं। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
भाषा सं आनन्द खारी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.