देहरादून/पिथौरागढ़, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए गए, जिसमें लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बागेश्वर की गीतिका पंत और उधम सिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 98 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं कक्षा की परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंकों के साथ हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस बार राज्य में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की गयी है।
राज्य के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने नैनीताल जिले के रामनगर में स्थित बोर्ड मुख्यालय में परिणाम जारी करते हुए बताया कि 12वीं कक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत बढ़कर 85.11 प्रतिशत हो गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.88 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने कहा, ‘‘इन बेहतर परिणामों में हमारे शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण झलकता है।’’
रावत ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों से फोन पर बातचीत भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए परिणामों को उनकी निरंतर मेहनत और अनुशासन का प्रमाण बताया। उन्होंने अपेक्षित परिणाम न पाने वाले विद्यार्थियों से धैर्य और सकारात्मक सोच बनाए रखने का आह्वान किया।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, धामी ने कहा, ‘‘धैर्य और सकारात्मक सोच से आपको निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।’’
उत्तराखंड स्कूल शिक्षा बोर्ड के अनुसार, 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए 1,00,452 विद्यार्थियों में से 85,499 उत्तीर्ण हुए। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 प्रतिशत रहा।
बारहवीं कक्षा की परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली गीतिका के पिता एक टैक्सी चालक हैं। वह जनसेवा के लिए इंजीनियर बनना चाहती हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद गीतिका ने इससे पहले 10वीं कक्षा में 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया था।
गीतिका ने कहा, ‘‘अगर परिवार का सहयोग और अच्छे शिक्षकों का मार्गदर्शन हो, तो संसाधनों की कमी मायने नहीं रखती।’’
गीतिका की मां रितिका पंत ने कहा कि उन्होंने कभी भी संसाधनों की कमी को बेटी के सपनों के आड़े नहीं आने दिया।
ऋषिकेश के आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि हरिद्वार की वंशिका 97 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
हाईस्कूल (10वीं कक्षा) के परिणामों में भी उत्तीर्ण प्रतिशत में 1.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कुल 1,08,983 विद्यार्थियों में से 1,00,373 उत्तीर्ण हुए। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 रहा, जो लड़कों के 88.03 प्रतिशत से काफी अधिक है।
हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में उत्तरकाशी के ईशांत कोठारी और नैनीताल की भूमिका ने 98 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। बागेश्वर के योगेश जोशी 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
बागेश्वर जिला राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला रहा। जिले ने 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) में 94.84 प्रतिशत और 10वीं कक्षा (हाईस्कूल) में 96.98 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
बोर्ड ने वर्ष 2025 की माध्यमिक सुधार परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित किए। हाईस्कूल सुधार परीक्षा में 68.67 प्रतिशत और इंटरमीडिएट सुधार परीक्षा में 66.27 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद शिक्षा मंत्री रावत ने रामनगर में हाईस्कूल के टॉपर अक्षत गोपाल के घर जाकर उन्हें सम्मानित किया। स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी परिणाम घोषणा कार्यक्रम में मौजूद रहे।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.