scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशसीबीआई ने रिश्वतखोरी मामले में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया, 48 लाख रुपये नकद बरामद

सीबीआई ने रिश्वतखोरी मामले में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया, 48 लाख रुपये नकद बरामद

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को दो लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जो द्वारका में स्वापक रोधी प्रकोष्ठ में तैनात है।

आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता को झूठे मामले में नहीं फंसाने के बदले रिश्वत ली थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सीबीआई के अनुसार, 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत के बाद मंगलवार को हेड कांस्टेबल अजय और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

एजेंसी ने बताया कि कार्यालय परिसर (द्वारका स्वापक रोधी प्रकोष्ठ) में तलाशी के दौरान 48.87 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘आरोप है कि हेड कांस्टेबल और अन्य लोगों ने महिला को एक मामले में नहीं फंसाने के लिए 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।’

उन्होंने कहा कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को मंगलवार तक पांच लाख रुपये जमा करने का निर्देश दिया था।

बयान में कहा गया है कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, एजेंसी ने उसी दिन जाल बिछाया और आरोपी को 15 लाख रुपये की कुल रिश्वत में से दो लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

इसमें कहा गया है कि आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा नोमान

नोमान अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments