ढाका, 22 अप्रैल (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे पुरुष एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में धीमी ओवर गति के लिए बुधवार को बांग्लादेश टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया।
आईसीसी मैच रैफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने यह जुर्माना लगाया है क्योंकि मेहदी हसन मिराज की टीम ने निर्धारित समय में दो ओवर कम फेंके थे।
आईसीसी ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के न्यूनतम ओवर गति के अपराधों से संबंधित नियम 2.22 के अनुसार किसी टीम के निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने के लिए उसके खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।’’
मेहदी ने इस अपराध को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित जुर्माने को मान लिया इसलिए औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और गाजी सोहेल, तीसरे अंपायर नितिन मेनन और चौथे अंपायर मसूदुर रहमान मुकुल ने यह आरोप लगाया था।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.