जयपुर, 22 अप्रैल (भाषा) डूंगरपुर जिले में पुलिस ने देश भर में 10 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके 38 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर नकेल कसने के विशेष ‘ऑपरेशन म्यूल हंट’ के तहत पिछले 15 दिन में ये गिरफ्तारियां की गई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 15 दिन में ‘ऑपरेशन म्यूल हंट’ के तहत डूंगरपुर जिले के अलग-अलग इलाकों से 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।’’
पुलिस के अनुसार, आरोपी देश भर में दर्ज ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में शामिल थे और उन्होंने लोगों से करोड़ों रुपये ठगने की बात कबूल की है।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक आरोपियों के खिलाफ कुल 17 मामले दर्ज किए गए हैं और शुरुआती जांच के मुताबिक इनके द्वारा 10 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई है। यह आगे जांच में और भी बढ़ेगी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ दुबई से अपना नेटवर्क चलाते थे और निवेश, ट्रेडिंग तथा ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ योजनाओं के नाम पर पीड़ितों को अपने जाल में फंसाते थे।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 73 मोबाइल फोन, 136 सिम कार्ड और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।
अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क की जांच के लिए कई टीम गठित की गई हैं और आरोपियों तथा उनके साथियों से जुड़े बैंक खातों की बारीकी से जांच की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि वे अपने बैंक खाते से जुड़ी कोई जानकारी फोन या किसी ऐप पर नहीं दें। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी भी साझा नहीं करें।
भाषा पृथ्वी
धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.