scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशउपराष्ट्रपति राधाकृष्णन श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर श्रीलंका के लिए रवाना हुए।

राधाकृष्णन के कार्यालय ने बताया कि यह किसी भारतीय उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

इस यात्रा के दौरान राधाकृष्णन श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात करेंगे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि वह 19 अप्रैल को श्रीलंका के प्रधानमंत्री हरिणी अमरसूर्या और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

राधाकृष्णन भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

उपराष्ट्रपति आज कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे, जहां वह भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित मकानों को तमिल समुदायों के लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से सौंपेंगे।

बयान में कहा गया है कि इसके साथ ही तमिल समुदायों के लिए निर्मित कुल मकानों की संख्या 50,000 हो जाएगी, जबकि परियोजना के चौथे चरण में 10,000 और मकानों का निर्माण किया जा रहा है।

उपराष्ट्रपति 20 अप्रैल को नुवारा एलिया जाएंगे, जहां वह भारतीय आवास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय से बातचीत करेंगे।

बयान में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच हालिया उच्चस्तरीय संवादों के बाद हो रही इस यात्रा से भारत और श्रीलंका के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत तथा लोगों के बीच परस्पर संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद है।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments