scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशउत्तर प्रदेश के पीलीभीत में ट्रक और मिनी वैन के बीच टक्कर के कारण तीन युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में ट्रक और मिनी वैन के बीच टक्कर के कारण तीन युवकों की मौत

Text Size:

पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), 18 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली-पीलीभीत राजमार्ग पर एक ट्रक और मिनीवैन की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि मृतकों में दो की पहचान जहानाबाद थाना क्षेत्र के सियावाड़ी पट्टी के निवासी अजीत पटेल (30) और पीलीभीत के मोहल्ला बाग गुलशेर खान के रहने वाले रजत (23) के रूप में हुई है।

करीब 25 वर्षीय तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार, मिनीवैन बरेली से पीलीभीत जा रही थी, जिसमें 12 यात्री सवार थे और दो यात्री नवाबगंज में उतर गए थे। शुक्रवार देर रात जहानाबाद क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी।

पुलिसकर्मियों ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने दो लोगों को अस्पताल ले जाते ही मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल अजीत को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एक घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि छह अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मामला दर्ज करके ट्रक को जब्त कर लिया है और जांच जारी है।

हादसे के कारण राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, हालांकि क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments