scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतपाकिस्तान को सऊदी अरब से दो अरब डॉलर की सहायता मिली

पाकिस्तान को सऊदी अरब से दो अरब डॉलर की सहायता मिली

Text Size:

कराची, 16 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तानी केंद्रीय बैंक एसबीपी ने सऊदी अरब से दो अरब अमेरिकी डॉलर की राशि मिलने की बृहस्पतिवार को पुष्टि की।

वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने एक दिन पहले ही तीन अरब डॉलर की विदेशी सहायता मिलने की घोषणा की थी।

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) ने बयान में कहा कि सऊदी अरब से दो अरब डॉलर की राशि 15 अप्रैल, 2026 को प्राप्त हुई। यह राशि ऐसे समय आई है जब पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बना हुआ है।

इस राशि का हस्तांतरण प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सऊदी अरब यात्रा के दौरान हुआ, जहां वह पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए गए हैं।

सऊदी अरब ने हाल ही में पाकिस्तान के लिए अपनी पांच अरब डॉलर की जमा सुविधा को तीन वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। इसके अलावा अलग से तीन अरब डॉलर जमा करने का भी आश्वासन दिया है।

इस नई सहायता के साथ सऊदी अरब पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक में कुल आठ अरब डॉलर जमा रखने वाला सबसे बड़ा देश बन गया है।

विदेश यात्रा पर गए शरीफ ने एक दिन पहले कहा था कि यह समर्थन ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान को बाहरी वित्तीय जरूरतों का सामना करना पड़ रहा है और इससे विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

यह सहायता ऐसे समय घोषित की गई है जब पाकिस्तान को इस महीने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 3.5 अरब डॉलर चुकाने हैं, जिससे उसके भंडार पर और दबाव पड़ सकता है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments