scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत में बॉश ब्रांड के एयर कंडीशनर पेश करने पर विचार, हिताची लेबल बना रहेगाः कंपनी एमडी

भारत में बॉश ब्रांड के एयर कंडीशनर पेश करने पर विचार, हिताची लेबल बना रहेगाः कंपनी एमडी

Text Size:

कोलकाता, 14 अप्रैल (भाषा) घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनी बॉश होम कम्फर्ट इंडिया लिमिटेड भारत में ‘बॉश’ ब्रांड के एयर-कंडीशनर (एसी) पेश करने की संभावना तलाश रही है। अगर ऐसा होता है तो यह एशिया में बॉश की एसी खंड में पहली दस्तक होगी।

कंपनी के प्रबंध निदेशक संजय सुधाकरन ने पीटीआई-भाषा से कहा कि बॉश ब्रांड के एयर कंडीशनर भारत में पेश करने की योजना ‘विचाराधीन’ है लेकिन इसके लिए अभी कोई समयसीमा तय नहीं की गई है।

फिलहाल कंपनी भारत में हिताची ब्रांड के तहत इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री करती है।

सुधाकरन ने स्पष्ट किया कि हिताची ब्रांड भारत में दीर्घकालिक लाइसेंस समझौते के तहत बना रहेगा। हालांकि, कंपनी दोहरे ब्रांड की रणनीति पर भी विचार कर रही है।

बॉश ग्रुप ने वर्ष 2024 में जॉनसन कंट्रोल्स-हिताची एयर कंडीशनिंग में नियंत्रक हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था। इसका उद्देश्य वैश्विक हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग कारोबार को मजबूत करना है।

इस अधिग्रहण के बाद खुली पेशकश के जरिये भारतीय इकाई में बॉश की हिस्सेदारी 82 प्रतिशत से अधिक हो गई और कंपनी का नाम बदलकर बॉश होम कम्फर्ट इंडिया लिमिटेड कर दिया गया।

परिचालन स्तर पर कंपनी ने पिछले चार वर्षों में शोध एवं विकास पर लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

कंपनी को माल ढुलाई दरों में उतार-चढ़ाव, मुद्रा विनिमय दरों में बदलाव, कच्चे माल की कीमतों और 2026 के नए स्टार रेटिंग मानकों के चलते लागत में कम-से-कम 12 प्रतिशत वृद्धि का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर सुधाकरन ने कहा कि लागत में बढ़ोतरी का कुछ हिस्सा ही उपभोक्ताओं पर डाला गया है। उन्होंने बताया कि इसका पूरा प्रभाव आगामी वित्तीय नतीजों में दिखेगा।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments