scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशबाराबंकी में सेना के जवान ने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी का विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया

बाराबंकी में सेना के जवान ने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी का विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया

Text Size:

बाराबंकी (उप्र), 10 अप्रैल (भाषा) बाराबंकी में सेना के एक जवान ने आरोप लगाया है कि एक सार्वजनिक सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक की कथित टिप्पणियों पर आपत्ति जताने के बाद विधायक के समर्थकों ने उस पर हमला किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना बृहस्पतिवार शाम सतरिख थाना क्षेत्र के हांसेमऊ गांव में हुई।

शिकायतकर्ता की पहचान भारतीय सेना में तैनात सैनिक विकास दीप के रूप में हुई है। दीप ने बताया कि वह छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए हैं।

अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि बाराबंकी (सदर) से सपा विधायक सुरेश यादव द्वारा एक सार्वजनिक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। जब उन्होंने शांतिपूर्वक विरोध किया और इस्तेमाल की गई भाषा का विरोध करने के लिए माइक्रोफोन उठाया, तो विधायक के समर्थकों ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन पर हमला किया।

सिपाही ने दावा किया कि उसे पीटा गया, जिससे उसे चोटें आईं और मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाया।

उन्होंने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस बीच, कार्यक्रम के आयोजक शेर बहादुर सिंह ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया और कहा कि विधायक अपने काम को लेकर सभा को संबोधित कर रहे थे तभी जवान ने माइक्रोफोन छीनने की कोशिश की और कार्यक्रम में बाधा डाली।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ थी, जिसके कारण मामूली धक्का-मुक्की हुई, लेकिन कोई हमला नहीं हुआ।

सतरिख के थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी मामला संज्ञान में आया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच की जा रही है और निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उसने सेना के अपने अधिकारियों को घटना के बारे में सूचित कर दिया है।

भाषा सं जफर

गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments