scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशसाल 2024 के अपहरण के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

साल 2024 के अपहरण के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने साल 2024 में फिरौती के लिए एक शख्स को अगवा करने के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सागर उर्फ कट्टो के रूप में हुई है, जो शकूरपुर का निवासी है। वह एक साल से अधिक समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और उसकी गतिविधियों के बारे में विशिष्ट सूचनाओं के बाद उसे छह अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर एक टीम ने शकूरपुर इलाके में जाल बिछाया और निगरानी शुरू की।

अधिकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान, टीम ने विवरण से मेल खाने वाले एक संदिग्ध को देखा और उसे घेर लिया। हालांकि उसने पुलिस की मौजूदगी को भांपते ही भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा किया और थोड़ी देर की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।

अधिकारी ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान, आरोपी ने अपनी पहचान उजागर की और नवंबर 2024 में राजौरी गार्डन थाने में दर्ज फिरौती के लिए अपहरण के एक मामले में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया।’

उस मामले में, राजा गार्डन स्थित राजधनी कॉलेज के पास से एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया, उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया और धमकाया गया, तथा उसके परिवार वालों से फिरौती की मांग की गई। बाद में आरोपी ने पीड़ित को आईएसबीटी के पास छोड़ दिया।

इग्नू से स्नातक सागर वर्तमान में बेरोजगार है और गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता का उसका पुराना इतिहास है। उस पर पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित कई आरोपों में मामला दर्ज किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अक्सर अपना ठिकाना बदलता रहता था और अन्य अपराधियों से संपर्क बनाए रखता था। उसे इससे पहले अप्रैल 2022 में गिरफ्तार किया गया था और वह नवंबर 2023 में जेल से रिहा हो गया था। मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments