नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने समय की पाबंदी का उच्च स्तर बनाए रखने वाले रेलवे जोन को शुक्रवार को बधाई दी और उन जोन की सराहना की जिन्होंने परिचालन संबंधी चुनौतियों के बावजूद 85 प्रतिशत से अधिक समय की पाबंदी सुनिश्चित कर अपने प्रदर्शन में सुधार किया है।
वैष्णव ने यहां ‘रेल भवन’ में देश भर के रेलवे अधिकारियों के साथ विभिन्न परिचालन मुद्दों पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
रेल मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘उन्होंने (वैष्णव) इस बात पर जोर दिया कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से इस लक्ष्य की दिशा में सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘वैष्णव ने इस बात पर प्रकाश डाला कि रेल दुर्घटनाओं में ऐतिहासिक कमी और रिकॉर्ड माल ढुलाई से पूरे देश में भारतीय रेलवे की छवि में काफी सुधार हुआ है।’’
अधिकारियों ने बताया कि विशेष ट्रेन सेवाओं के संबंध में चर्चा के दौरान, वैष्णव ने त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों के प्रभावी संचालन की सराहना की, जिससे यात्रियों की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने में मदद मिली।
वैष्णव ने अधिकारियों से स्टेशनों को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखने, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और व्यस्त समय, विशेष रूप से त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान जारी रेलवे परियोजनाओं के लिए लंबित भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई और रेल मंत्री ने अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.