बेंगलुरु, तीन अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति एन संतोष हेगड़े शुक्रवार को शहर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश (85 वर्षीय) भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा कोंडाजी बसप्पा ऑडिटोरियम में आयोजित पूर्व मंत्री पी. जी. आर. सिंधिया के अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान बीमार पड़ गए।
कार्यक्रम स्थल पर उन्हें प्रारंभिक उपचार देने वाले डॉ. रमेश बाबू ने कहा, ‘‘भाषण देते समय वह थके हुए लग रहे थे। कुछ देर बोलने के बाद वह बैठ गए, उन्हें चक्कर आया, उल्टी हुई और वह बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पानी दिया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।’’
बाद में हेगड़े को विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर के आधिकारिक वाहन से एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
खादर ने कहा, ‘‘उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और मेरे वाहन से अस्पताल ले जाया गया।’’
चिकित्सकों ने कहा कि मधुमेह से पीड़ित हेगड़े के रक्त में शर्करा का स्तर अचानक गिर गया होगा।
उनका मणिपाल अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और ऐसा बताया जा रहा है कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
अस्पताल ने एक बुलेटिन में कहा, ‘‘न्यायमूर्ति एन संतोष हेगड़े मिलर्स रोड स्थित मणिपाल अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में डॉ. हर्षिता की देखरेख में हैं और उनकी हालत ठीक है। उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाने की उम्मीद है।’’
भाषा
सिम्मी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.