scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशबंगाल: तृणमूल ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया

बंगाल: तृणमूल ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया

Text Size:

कोलकाता, एक अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में मतदाता पंजीकरण में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया और दावा किया कि पूरक सूचियों के प्रकाशन के दौरान मतदाता सूचियों में कई बार फर्जी नाम दर्ज किए गए हैं।

पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय को दिए गए एक ज्ञापन में मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए उपयोग किए जाने वाले गणना प्रपत्रों और फॉर्म-6 जमा करने में कथित अनियमितताओं को उजागर किया।

तृणमूल के राज्यसभा में सदस्य डेरेक ओ ब्रायन ने पत्रकारों को बताया कि बिहार के कई निवासियों के नाम पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में दर्ज हैं जबकि वे पिछले साल पड़ोसी राज्य में विधानसभा चुनावों में कथित तौर पर मतदान कर चुके हैं।

उन्होंने कहा, “हमने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है और इन अनियमितताओं को तुरंत ठीक करने की मांग की है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कई विसंगतियों और अनियमितताओं के बारे में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक भी पत्र का जवाब न देने के कारण हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त की भूमिका से बेहद निराश हैं।”

ओ ब्रायन ने कहा कि विपक्षी दलों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के महाभियोग के लिए संसद में प्रस्ताव पेश किया है लेकिन बृहस्पतिवार को लोकसभा सत्र समाप्त होने के बावजूद सचिवालय से इस प्रस्ताव पर कोई जानकारी नहीं मिली है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments