scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशगुजरात : कांग्रेस विधायक मेवाणी ने राजकोट के डीसीपी पर पत्रकार का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया

गुजरात : कांग्रेस विधायक मेवाणी ने राजकोट के डीसीपी पर पत्रकार का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया

Text Size:

अहमदाबाद, 27 मार्च (भाषा) गुजरात में कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा कर राजकोट के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी पर एक पत्रकार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

हालांकि, अधिकारी ने आरोपों को ‘‘नाटक’’ करार देते हुए खारिज किया और दावा किया कि इसका मकसद रंगदारी मामले में जांच भटकाना है।

मेवाणी ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में दावा किया कि पत्रकार सुरेश वदैचा ने उन्हें बताया है कि राजकोट अपराध शाखा के डीसीपी जगदीश बंगारवा ने उनका (सुरेश) पैर तोड़ दिया और उनके निजी अंग में पेट्रोल डाल दिया।

मेणावी के पोस्ट में कहा गया है, ‘‘राजकोट के डीसीपी ने मेरे निजी अंग में पेट्रोल डाला – यह शिकायत गुजरात के राजकोट शहर के पत्रकार सुरेश वदैचा की है। कल उन्होंने (सुरेश) मुझे बताया कि बिना किसी प्राथमिकी के, राजकोट अपराध शाखा के डीसीपी जगदीश बंगारवा ने उनका पैर तोड़ दिया और दो बार निजी अंग में पेट्रोल डाला।’’

मेवाणी ने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें वदैचा को अस्पताल के बिस्तर पर लेटे देखा जा सकता है। वदैचा ने दावा किया कि पुलिस उनसे नाराज थी क्योंकि उनके द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के खुलासे ने पुलिस को ‘‘जबरन वसूली’’ बंद करने के लिए मजबूर कर दिया था।

संपर्क करने पर, डीसीपी बंगारवा ने कहा कि वह व्यक्ति जबरन वसूली के आरोप वाली शिकायत की जांच न होने देने के लिए आरोप लगा रहा है।

डीसीपी ने कहा, ‘‘यह उनकी निजी समस्या है। इस व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत लंबित है। वह यह सारा नाटक इसलिए कर रहे हैं ताकि उनके खिलाफ पुलिस जांच न हो। उनके खिलाफ एक आपराधिक शिकायत लंबित है।’’

बंगारवा ने यह भी कहा कि विधायक मेवाणी यह मुद्दा इसलिए उठा रहे हैं क्योंकि उन्हें उनसे ‘‘निजी समस्या’’ है।

भाषा

शफीक राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments