श्रीनगर, 20 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को ईद और नौरोज की पूर्व संध्या पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इन त्योहारों के अवसर पर अपने संदेश में रमजान के महीने भर के रोजे, नमाज और आत्म-संयम के बाद ईद के आध्यात्मिक महत्व पर जोर दिया।
अब्दुल्ला ने कहा कि यह त्योहार ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और रमजान के महीने के दौरान करुणा, उदारता और एकता के मूल्यों को अपनाने का अवसर है।
उन्होंने कहा, ‘‘ईद खुशियों का अवसर होता है जो लोगों को रमजान की बरकतों का जश्न मनाने के लिए एक साथ लाता है। यह समुदाय के बंधनों को मजबूत करता है और आपसी सम्मान और भाईचारे के मूल्यों की फिर से पुष्टि करता है। यह खुशियां बांटने, दया दिखाने और जरूरतमंदों की मदद करने का समय है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह त्योहार सांप्रदायिक सद्भाव, साझा विरासत और सांस्कृतिक समावेशिता की समृद्ध भावना को दर्शाता है जो जम्मू कश्मीर की पहचान है और एकता एवं शांति की भावना को मजबूत करता है।
भाषा सुरभि माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.