नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) रियाद में इस हफ्ते ईरान द्वारा किये गए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इसके साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अब तक कुल छह भारतीयों की जान जा चुकी है।
मामले से अवगत लोगों के अनुसार, बुधवार को रियाद में हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह व्यक्ति हमले की जद में सीधे तौर पर आया या फिर मार गिराई गई मिसाइल के मलबे की चपेट में आने से उसकी मौत हुई।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने विस्तृत जानकारी दिए बिना भारतीय नागरिक की मौत पर शोक व्यक्त किया।
भारतीय दूतावास ने 18 मार्च को रियाद में हुई घटनाओं के कारण एक भारतीय नागरिक की मौत होने पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दूतावास ने कहा कि वह मृतक के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। उसने कहा, ‘‘हम इस मामले में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से छह भारतीयों की जान गई है।
पिछले कुछ हफ्तों में, भारत ने पश्चिम एशिया में रहने वाले एक करोड़ भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने राजनयिक प्रयासों को तेज कर दिया है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.