scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशहिमंत ने दाखिल किए नामांकन पत्र, परिवार ने जनसमर्थन पर जताई खुशी

हिमंत ने दाखिल किए नामांकन पत्र, परिवार ने जनसमर्थन पर जताई खुशी

Text Size:

गुवाहाटी, 20 मार्च (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जालुकबाड़ी से नामांकन पत्र दाखिल करते समय मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ आईँ उनकी पत्नी और बेटे ने कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि इतनी बड़ी संख्या में लोग उनका समर्थन करने आए हैं।

उनकी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा ने इस अवसर को उनके लिए बहुत खुशी का पल बताया।

उन्होंने कहा, ‘जालुकबाड़ी के लोग हिमंत को अपने परिवार के मुखिया की तरह मानते हैं, और यह विशाल सभा उनके समर्थन और उन्हें मिले आशीर्वाद को दर्शाती है।

रिनिकी ने कहा कि उनके पति अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को अपने विस्तारित परिवार का हिस्सा मानते हैं।

उन्होंने कहा, ‘वह जनता के हैं और पिछले 25 वर्षों से उसकी सेवा कर रहे हैं और भविष्य में भी करते रहेंगे।”

उन्होंने कहा, ‘मैं पिछले कई चुनावों में उनके प्रचार अभियान में मदद करती रही हूं और इस बार भी करूंगी।

नामांकन दाखिल करने के दौरान बेटे की मौजूदगी के बारे में उन्होंने कहा कि वह ‘अपने पिता का समर्थन करने आया था’ और पिछले चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करते समय भी मौजूद रहा था।

रिनिकी ‘प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट’ की प्रबंध निदेशक हैं।

मुख्यमंत्री के बेटे नंदिल विश्व शर्मा ने कहा, ‘अब तक सब कुछ बहुत अच्छा रहा है। हम भगवान के आभारी हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मैं उनके लिए बहुत खुश महसूस कर रहा हूं, और कहने के लिए और कुछ नहीं है।

राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में विधि पाठ्यक्रम के छात्र नंदिल ने कहा कि वह जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र में अपने पिता के अंतिम रैली में शामिल होंगे, जो संभवतः छह या सात अप्रैल को होगी।

शर्मा की बेटी नामांकन के समय उपस्थित होना चाहती थीं, लेकिन परीक्षा के कारण नहीं आ सकीं।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा जोहेब माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments