नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 38 रुपये की गिरावट के साथ 1,61,751 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी। तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से मुद्रास्फीति के जोखिम बढ़ने और इस कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम होने से सोना वायदा कीमत में यह गिरावट आई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 38 रुपये यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,61,751 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 1,067 लॉट का कारोबार हुआ।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कच्चेतेल की बढ़ती कीमतों के कारण मुद्रास्फीति का जोखिम बढ़ने और केंद्रीय बैंक की ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम होने से सोना गिर गया।’’
इस बीच, विदेशी कारोबार में सोने का वायदा भाव भी फिसल गया। कॉमेक्स में अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 6.17 डॉलर यानी 0.12 प्रतिशत टूटकर 5,170.29 डॉलर प्रति औंस रह गया।
भाषा राजेश राजेश
राजेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
