scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजेवर हवाई अड्डे के सड़क संपर्क के विकास के लिए 3,630.77 करोड़ रुपये की संशोधित लागत को मंजूरी

जेवर हवाई अड्डे के सड़क संपर्क के विकास के लिए 3,630.77 करोड़ रुपये की संशोधित लागत को मंजूरी

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में जल्द शुरू होने वाले जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए सड़क संपर्क विकसित करने को 3,630.77 करोड़ रुपये की कुल संशोधित पूंजीगत लागत को मंजूरी दे दी है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 31.42 किलोमीटर लंबी यह प्रस्तावित परियोजना और इसका गलियारा दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से हवाई अड्डे तक सीधा और तीव्रगामी संपर्क प्रदान करेगा। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आर्थिक विकास और लॉजिस्टिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में ‘हाइब्रिड एन्यूइटी मोड’ पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना मार्ग से हवाई अड्डे तक नवनिर्मित संपर्क के निर्माण को 3,630.77 करोड़ रुपये की इस संशोधित लागत को स्वीकृति दी है।

विमानन नियामक डीजीसीए (डीजीसीए) से ‘एयरोड्रम लाइसेंस’ प्राप्त करने वाले इस हवाई अड्डे के जल्द ही परिचालन शुरू करने की उम्मीद है।

बयान के मुताबिक, यह प्रस्तावित गलियारा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और समर्पित मालवहन गलियारे (डीएफसी) को आपस में जोड़ेगा, जिससे ‘बहुआयामी’ परिवहन सुविधा का मार्ग प्रशस्त होगा।

इस परियोजना का लगभग 11 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड हाईवे के रूप में विकसित किया जाना है, जो डीएनडी-बल्लभगढ़ बाइपास और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच नवनिर्मित संपर्क का एक महत्वपूर्ण खंड है और इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।

यह हिस्सा फरीदाबाद मास्टर प्लान, 2031 के तहत भविष्य के बुनियादी ढांचे के विस्तार वाले क्षेत्र से होकर गुजरता है। इस ऊपरगामी (एलिवेटेड) गलियारे की अतिरिक्त लागत 689.24 करोड़ रुपये है, जिसमें से हरियाणा सरकार 450 करोड़ रुपये वहन करने पर सहमत हुई है।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments