scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशराहुल एआई सम्मेलन के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन के शिल्पकार, भारत को बदनाम करना चाहते हैं : भाजपा

राहुल एआई सम्मेलन के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन के शिल्पकार, भारत को बदनाम करना चाहते हैं : भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हाल ही में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान देश को ‘शर्मिंदा’ करने के उद्देश्य से किये गये विरोध प्रदर्शन का ‘शिल्पकार और डिजाइनर’ करार दिया तथा उन पर भारत को अपमानित और बदनाम करने की कोशिश करने का मंगलवार को आरोप लगाया।

भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के सदस्यों द्वारा ‘‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’’ के दौरान किए गए विरोध प्रदर्शन का जिक्र किया और आरोप लगाया कि यह एक पूर्वनिर्धारित योजना का हिस्सा था।

पात्रा ने कहा, ‘‘उस समय हमने स्पष्ट रूप से कहा था कि यह कांग्रेस पार्टी का ‘अर्द्धनग्न’, ‘अविवेकी’ और शर्मनाक प्रदर्शन’ था।’’ उन्होंने दावा किया कि यह प्रदर्शन कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि पहले से योजनाबद्ध और सोची-समझी हरकत थी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘यह कोई संयोग नहीं था, बल्कि एक प्रयोग था। हमने उस समय भी कहा था कि इस हरकत के शिल्पकार और डिजाइनर खुद राहुल गांधी थे और इसकी योजना उनके आवास पर तैयार की गई थी।’’

भाजपा नेता ने कांग्रेस की एक बैठक में सोमवार को एआई सम्मेलन को लेकर गांधी द्वारा दिए गए बयान का हवाला देते हुए दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष ने (विरोध प्रदर्शन की) जिम्मेदारी स्वीकार कर ली है।

पात्रा ने कहा, ‘‘कल राहुल गांधी ने खुद कहा, ‘हां, हमने काम कर दिया।’ देश देख रहा था कि जब उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भारत में हो रहे एआई शिखर सम्मेलन को ‘बाधित’ कर दिया, तो उनके चेहरे पर मीर जाफर जैसी एक मुस्कान थी।’’

मीर जाफर बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला की सेना में एक वरिष्ठ अधिकारी था, जिसने नवाब बनने के लालच में अंग्रेजों का साथ दिया तथा प्लासी के युद्ध (1757) में नवाब से गद्दारी की।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि गांधी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को अपमानित होते देखकर प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने कहा, ‘‘केवल एक विश्वासघाती ही अपने देश को असफल होते देखकर खुश होता है। कल यह साबित हो गया कि गांधी ही भारत को अपमानित और बदनाम करने के शिल्पकार और डिजाइनर थे।’’

भाजपा नेता ने ‘‘उपद्रव और नेतृत्व’’ में अंतर बताते हुए कहा कि ऐसे व्यवहार में लिप्त होना किसी को नेता नहीं बनाता।

पात्रा ने कहा, ‘‘जिस तरह उन्होंने इसे पेश किया, वह आश्चर्यजनक था। यह स्कूल के बच्चों के बीच की लड़ाई जैसा लग रहा था, फिर भी यह अपने ही देश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन था।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि गांधी ने बार-बार विदेशों में यह बयान दिया कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘यह देश को अपमानित करने की सोच-समझकर बनाई गई एक साजिश का हिस्सा है।’’

हालांकि, भाजपा नेता ने दावा किया कि ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी चाहे देश को बदनाम करने की हजार कोशिशें कर लें, लेकिन भारत कभी झुकेगा नहीं। हमारा देश आगे बढ़ता रहेगा।’’

संसद में गांधी के व्यवहार को लेकर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कोई व्यक्ति, जो शिष्टाचार से वंचित है, खुद को नेता प्रतिपक्ष कहता है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्हें (गांधी को) याद रखना चाहिए कि वह नेता प्रतिपक्ष बनने के हकदार नहीं हैं।’’

भाषा सुरेश नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments