scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमखेलबुमराह को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर मिलने चाहिए: गावस्कर

बुमराह को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर मिलने चाहिए: गावस्कर

Text Size:

(जी उन्नीकृष्णन)

बेंगलुरु, तीन मार्च (भाषा) अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि हैरी ब्रुक और जसप्रीत बुमराह के बीच की जंग भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले का नतीजा तय करेगी तथा उन्होंने भारतीय टीम प्रबंधन से अपनी तेज गेंदबाजी के अगुआ को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर देने का आग्रह किया।

मौजूदा चैंपियन भारत गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से भिड़ेगा। इससे पहले 2022 और 2024 में भी इन दोनों टीमों के बीच सेमाईफाइल खेला गया था। इंग्लैंड ने 2022 में एडिलेड में भारत को 10 विकेट से हराया, जबकि रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने दो साल बाद वेस्टइंडीज के प्रोविडेंस में इसका बदला चुकता कर दिया था।

गावस्कर ने चैम्प्स फाउंडेशन के लिए आयोजित की जा रही डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ प्रतियोगिता से पहले मीडिया से कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि बुमराह को पावरप्ले में कम से कम दो ओवर करने चाहिए क्योंकि नई गेंद से अगर वह शुरू में विकेट ले लेते हैं, तो भारत का पलड़ा भारी हो जाएगा। वह जोस बटलर, फिल साल्ट और हैरी ब्रूक के विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर सकते हैं।’’

बुमराह पावरप्ले के दौरान एक ओवर ही गेंदबाजी करते रहे हैं, क्योंकि टीम डेथ ओवरों के लिए उनके कम से कम दो ओवर बचाकर रखती है। गावस्कर ने कहा कि बुमराह को चार ओवर के बाद गेंद सौंपने का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब चार ओवर पहले ही फेंके जा चुके हैं और बल्लेबाजों को लगभग 20 गेंदें खेलने को मिल चुकी हैं, तो इसका मतलब होगा कि जब बुमराह गेंदबाजी करने के लिए आएंगे तो दोनों बल्लेबाजों को 8-10 गेंदें खेलने को मिल चुकी है और उन्होंने क्रीज पर अपने पांव जमा लिए होंगे। बुमराह और भारत दोनों के लिए यह बेहतर नहीं होगा कि बुमराह शुरू में गेंदबाजी करके विकेट हासिल करें।’’

इस गुरु भारतीय कप्तान ने कहा कि दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है लेकिन भारतीय बल्लेबाजी में लचीलापन है तथा बुमराह और तिलक वर्मा की मौजूदगी से वह थोड़ा फायदे में रहेगी।

गावस्कर ने कहा, ‘‘दोनों टीम बहुत अच्छी हैं। उनके पास अच्छे बल्लेबाज और अच्छे गेंदबाज हैं। उनके पास मध्य क्रम में अच्छे बल्लेबाज हैं और फिनिशर भी हैं। दोनों टीमों की गेंदबाजी में विविधता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इंग्लैंड के पास कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो आईपीएल में खेल चुके हैं और भारतीय परिस्थितियों से परिचित हैं। उसके खिलाड़ी नॉकआउट मैच खेलने के दबाव से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं। इसलिए मुझे लगता है कि यह एक रोमांचक मुकाबला होगा।’’

बुमराह सभी प्रारूपों में इतना घातक गेंदबाज कैसे बने, इस बारे में गावस्कर ने कहा, ‘‘अगर आपने आंद्रे अगासी की आत्मकथा (ओपन) पढ़ी है तो आपको पता चल जाएगा कि उन्होंने बोरिस बेकर की सर्व का अंदाज़ा कैसे लगाया। शुरू में तो वह उनकी सर्व का अंदाज़ा नहीं लगा पाए, लेकिन फिर उन्हें अहसास हुआ कि अगर गेंद उछालते समय उनकी जीभ बाईं ओर होती है तो वे वाइड सर्व करेंगे। अगर उनकी जीभ दाईं ओर होती है तो वे सेंटर लाइन पर सर्व करेंगे।’’

गावस्कर ने कहा, ‘‘लेकिन जहां तक बुमराह का सवाल है तो उनको समझना आसान नहीं है। वह पहले वाइड गेंद फेंकते हैं तो अक्सर लगता है कि गेंद अंदर की तरफ आएगी। लेकिन वह गेंद को स्विंग करा सकते हैं। इसीलिए वह तीनों प्रारूप में इतने खतरनाक गेंदबाज हैं।’’

गावस्कर के अनुसार भारत का एक और फायदा यह है कि उसकी बल्लेबाजी में लचीलापन है और तिलक वर्मा जैसे बल्लेबाज किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं।

तिलक ने शुरू में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की, लेकिन टीम प्रबंधन ने जब संजू सैमसन को अंतिम एकादश में शामिल करने का फैसला किया तो वह पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने लगे।

गावस्कर ने कहा, ‘‘तिलक वर्मा बहुत ही समझदार क्रिकेटर है, जो स्थिति का अच्छी तरह आकलन करता है और फिर उसी के अनुसार खेलता है। मुझे लगता है कि पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए वह स्थिति की नजाकत को समझ सकता है। मुझे लगता है कि जिस तरह से उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ बल्लेबाजी की, उसने सैमसन पर से दबाव काफी हद तक कम कर दिया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि भारत भाग्यशाली है कि उसके पास तिलक जैसे खिलाड़ी हैं जो तीसरे नंबर पर और यहां तक ​​कि पांचवें या छठे नंबर पर भी बल्लेबाजी कर सकते हैं।’’

इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर की टूर्नामेंट में खराब फॉर्म के बारे में गावस्कर ने कहा, ‘‘वह अभिषेक शर्मा की तरह खतरनाक खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि बटलर का विकेट जल्दी लेना महत्वपूर्ण होगा। हमने आईसीसी और आईपीएल जैसी प्रतियोगिताओं में देखा है कि वह काफी खतरनाक बल्लेबाज साबित हो सकते हैं।’’

भाषा

पंत मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments