scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतडॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे टूटकर 88.65 पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे टूटकर 88.65 पर बंद

Text Size:

मुंबई, सात नवंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया दो पैसे टूटकर 88.65 पर बंद हुआ। डॉलर के मजबूत होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपये में यह गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख का भी रुपये की गिरावट पर असर पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.61 पर खुला और कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 88.72 के निचले स्तर तक गिर गया। कारोबार के अंत में यह 88.65 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की गिरावट है।

रुपया बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले सात पैसे बढ़कर 88.63 पर बंद हुआ था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषक…जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में मामूली तेजी और डॉलर सूचकांक के मजबूत होने से घरेलू मुद्रा में हाल की कमजोरी और बढ़ गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रुक-रुक कर की गई लिवाली के समर्थन के बावजूद, वैश्विक अनिश्चितता और निरंतर विदेशी पूंजी निकासी के बीच रुपये की धारणा कमजोर रही। अगले हफ्ते रुपये की चाल अस्थिर रहने का अनुमान है और यह 88.25-88.90 के बीच रह सकता है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत बढ़कर 99.72 पर पहुंच गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.09 प्रतिशत बढ़कर 64.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक बाजार में जोखिम रहित भावनाओं और मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण रुपया कमजोर हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में सुधार ने भी रुपये पर दबाव डाला। सरकारी बैंकों के अमेरिकी डॉलर बेचने की खबरों ने रुपये की गिरावट को कम किया।

चौधरी ने कहा, ”हमारा अनुमान है कि कमजोर अमेरिकी श्रम बाजार और मजबूत अमेरिकी डॉलर को लेकर चिंताओं के बीच वैश्विक बाजारों में नरमी के कारण रुपया थोड़े नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। आयातकों की मांग भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से निचले स्तरों पर रुपये को सहारा मिल सकता है।”

उन्होंने कहा कि हाजिर बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 88.45 – 89 के बीच रह सकता है।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 94.73 अंक गिरकर 83,216.28 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 17.40 अंक टूटकर 25,492.30 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 4,581.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments