नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीपीसीएल) ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 719 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। इससे पिछली तिमाही में कंपनी को घाटा हुआ था।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी।
मजबूत रिफाइनरी मार्जिन और बेहतर परिचालन प्रदर्शन ने कंपनी को मुनाफे में लौटने में मदद की।
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में सीपीसीएल का एकीकृत शुद्ध लाभ 719.19 करोड़ रुपये रहा।
वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में कंपनी को 633.69 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इससे पिछली यानी अप्रैल-जून तिमाही में भी कंपनी को 40.10 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) की अनुषंगी कंपनी सीपीसीएल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में अधिक मात्रा में कच्चे तेल को ईंधन में परिवर्तित किया, जिससे उसका कारोबार पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में बढ़कर 20,040 करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 14,429 करोड़ रुपये था।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.