नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) सप्ताह की शुरुआत में भारी बिकवाली के बाद सोने और चांदी के वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को तेजी लौट आई। इसकी वजह यह है कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच कारोबारियों ने मूल्य-आधारित खरीदारी की।
विश्लेषकों के मुताबिक, लंबे समय से जारी अमेरिका-चीन व्यापार गतिरोध पर निवेशकों का मुख्य रूप से ध्यान बना हुआ है। कहा जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की अगले सप्ताह संभावित बैठक से पहले नए निर्यात प्रतिबंधों पर विचार कर रहा है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर आपूर्ति वाला सोना 2,093 रुपये यानी 1.72 प्रतिशत बढ़कर 1,23,950 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। कारोबार के दौरान यह अनुबंध 1,24,233 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर चला गया था।
वहीं दिसंबर आपूर्ति वाले चांदी वायदा का भाव भी 3,532 रुपये यानी 2.43 प्रतिशत बढ़कर 1,49,090 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। मार्च, 2026 का आपूर्ति अनुबंध 4,153 रुपये यानी 2.83 प्रतिशत बढ़कर 1,50,771 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सप्ताह की शुरुआत में भारी बिकवाली के बाद एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में सुधार हुआ। अधिक खरीद वाले स्तरों से भारी मुनाफावसूली होने और भारत एवं चीन के साथ अमेरिकी व्यापार वार्ता को लेकर उपजी नई उम्मीदों के कारण करीब पांच प्रतिशत की गिरावट कई महीनों की सबसे महत्वपूर्ण गिरावट में से एक है।’’
त्रिवेदी ने कहा कि ट्रंप के बदलते नीतिगत विचारों से बनी अनिश्चितता के कारण मामूली उछाल आया क्योंकि निवेशक निचले स्तर पर फिर से निवेश करने की सोच रहे थे। अमेरिकी मुद्रास्फीति का आने वाला आंकड़ा निकट भविष्य की दिशा के लिए एक महत्वपूर्ण कारक होगा।
बुधवार को सोने का वायदा भाव 6,414 रुपये यानी पांच प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,21,857 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि चांदी 4,769 रुपये यानी 3.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,45,558 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली तेज होने से यह बड़ी गिरावट आई थी।
विश्लेषकों ने कहा कि यह तेज गिरावट अमेरिकी डॉलर में मजबूती और वैश्विक जोखिम उठाने की क्षमता में सुधार के साथ सुरक्षित निवेश की मांग में कमी आने का नतीजा है।
दिवाली अवकाश के कारण बुधवार के पहले पहर में जिंस बाजार बंद रहे थे और शाम के समय कारोबार फिर से शुरू हुआ था।
धनतेरस के पहले शुक्रवार को सोने और चांदी ने रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ था। एमसीएक्स पर सोना 1,32,294 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,70,415 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी।
बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर दिसंबर आपूर्ति वाले सोने के वायदा भाव 2.26 प्रतिशत बढ़कर 4,157.31 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि पिछले सत्र में इसमें 1.06 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
सप्ताह की शुरुआत में सोना लगभग छह प्रतिशत गिर गया था जो एक दशक से भी अधिक समय में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट थी।
विदेशी बाजार में दिसंबर डिलिवरी वाले चांदी के वायदा भाव भी बृहस्पतिवार को लगभग तीन प्रतिशत बढ़कर 49.03 डॉलर प्रति औंस हो गए। पिछले सप्ताह चांदी 53.76 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर पर थी।
भाषा प्रेम अजय प्रेम
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.