मुंबई, 23 अक्टूबर (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में मजबूती के रुख और अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर उम्मीद जगने के बीच जोखिम-लेने की धारणा बढ़ने के चलते बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सात पैसे बढ़कर 87.86 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रुपया सकारात्मक रुख के साथ बंद हुआ क्योंकि इस बात की चर्चा बढ़ रही है कि भारत और अमेरिका एक लंबे समय से प्रतीक्षित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब पहुंच रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 87.80 पर खुला और 87.96 के निचले स्तर को छूने के बाद 87.86 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की तेजी है।
सोमवार को, रुपया डॉलर के मुकाबले नौ पैसे बढ़कर 87.93 पर बंद हुआ था।
दिवाली और दिवाली बलिप्रतिपदा के कारण क्रमशः मंगलवार और बुधवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद रहे।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, निवेशक आगे की दिशा के लिए वैश्विक संकेतकों, अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और भारतीय रिजर्व बैंक के मौद्रिक संकेतों पर नजर रखेंगे।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर व्यापार संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। यह बातचीत दोनों पक्षों द्वारा द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के प्रयासों के बीच हो रही है, जो वाशिंगटन द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत का भारी-भरकम शुल्क लगाए जाने के बाद तनाव में हैं।
मंगलवार को हुई इस बातचीत के बाद अपनी टिप्पणी में, ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को ‘महान’ बताया और बिना विस्तार से बताए कहा कि दोनों पक्ष कुछ ‘महान सौदों’ पर काम कर रहे हैं।
इसके अलावा, ट्रंप ने अपने इस दावे को दोहराया है कि भारत रूस से तेल खरीदना ‘बंद’ करने पर सहमत हो गया है और साल के अंत तक इसे ‘लगभग शून्य’ कर देगा।
हालांकि, उन्होंने कहा कि यह एक प्रक्रिया है और इसमें कुछ समय लगेगा।
इस बीच, डॉलर इंडेक्स, जो छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.14 प्रतिशत बढ़कर 99.04 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 5.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 65.92 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 130.06 अंक चढ़कर 84,556.40 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 22.80 अंक बढ़कर 25,891.40 अंक पर बंद हुआ।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 96.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.