मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) देश के दूसरे सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक आईसीआईसीआई बैंक कैंसर देखभाल के लिए 625 करोड़ रुपये दान करेगा। बैंक ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह राशि नवी मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल सेंटर के ‘एडवांस्ड सेंटर फॉर ट्रीटमेंट, रिसर्च एंड एजुकेशन इन कैंसर’ परिसर में एक 11-मंजिला इमारत के निर्माण में खर्च की जाएगी।
यह परियोजना, बैंक द्वारा देशभर में तीन कैंसर देखभाल सुविधाओं के निर्माण के लिए घोषित 1,800 करोड़ रुपये के कुल योगदान का हिस्सा है।
बैंक के बयान के अनुसार, यह इमारत 3.4 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली होगी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एक भूतल और दो बेसमेंट वाली 11 मंजिला इमारत 3.4 लाख वर्ग फुट में फैली होगी और इसमें 12 लीनियर एक्सेलरेटर (एलआईएनएसीएस) और अन्य उन्नत कैंसर देखभाल उपकरण होंगे।
बयान में कहा गया कि एलआईएनएसीएस कैंसर कोशिकाओं तक सटीक विकिरण पहुंचाते हैं, जिससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों को होने वाली क्षति कम हो जाती है।
बयान के अनुसार यह नई सुविधा 2027 तक तैयार हो जाएगी और सालाना 7,200 मरीजों को विकिरण चिकित्सा प्रदान करेगी, और इन मरीजों को दो लाख से अधिक विकिरण सत्र प्रदान करेगी।
रविवार को बैंक के चेयरमैन प्रदीप कुमार सिन्हा, कार्यकारी निदेशक संदीप बत्रा और अजय गुप्ता, और टीएमसी के निदेशक सुदीप गुप्ता की उपस्थिति में ‘आईसीआईसीआई फाउंडेशन ब्लॉक फॉर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी’ नामक भवन का भूमि पूजन और आधारशिला अनावरण समारोह आयोजित किया गया।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.