नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) भारत, अंतरराष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ (आईएसएसए) पुरस्कार प्राप्त करने वाला पांचवां देश बन गया है।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के शुक्रवार को बयान में कहा गया कि देश को सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए यह पुरस्कार मिला है। इस पुरस्कार की शुरुआत से अब तक इसे हासिल करने वाला भारत पांचवां देश है। इसके साथ ही देश सामाजिक सुरक्षा देने वाले दुनिया भर के अग्रणी देशों की सूची में शामिल हो गया है।
सामाजिक सुरक्षा में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए आईएसएसए पुरस्कार हर तीन साल में विश्व सामाजिक सुरक्षा मंच (डब्ल्यूएसएसएफ) पर प्रदान किया जाता है।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने मलेशिया के कुआलालंपुर में भारत सरकार की ओर से पुरस्कार प्राप्त करते हुए कहा, ‘‘ यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘पंक्ति में अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने’ के दृष्टिकोण का प्रमाण है… जिसने समावेशी और सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा की दिशा में हमारी यात्रा को आकार दिया है। ’’
श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री मांडविया ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का सामाजिक सुरक्षा ‘कवरेज’ 2015 में 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64.3 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार व्यापक नीति, प्रक्रिया और डिजिटल सुधारों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा को मजबूत कर रही है। देश एक समग्र दृष्टिकोण के माध्यम से नए आय के अवसर और सामाजिक सुरक्षा स्थापित करने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठा रहा है जिसमें वित्तीय पहुंच, कौशल, स्वरोजगार एवं डिजिटल नवाचार शामिल हैं।
यह पुरस्कार आईएसएसए द्वारा 2013 में शुरू किया गया। ब्राजील यह पुरस्कार हासिल करने वाला पहला देश था। उसके बाद चीन (2016), रवांडा (2019) और आइसलैंड (2022) को यह पुरस्कार मिला है।
भाषा निहारिका रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.