scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमविदेशसिंगापुर में दीपावली उत्सव समारोह में मणिपुर के सांस्कृतिक दल ने दी प्रस्तुति

सिंगापुर में दीपावली उत्सव समारोह में मणिपुर के सांस्कृतिक दल ने दी प्रस्तुति

Text Size:

सिंगापुर, सात सितंबर (भाषा) मणिपुर के एक सांस्कृतिक दल ने सिंगापुर में शनिवार को लिटिल इंडिया परिसर में वार्षिक कार्यक्रम ‘दीपावली लाइट अप’ में प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में सिंगापुर के राष्ट्रपति थरमन षणमुगरत्नम तथा विविध समूहों के 700 प्रतिभागियों ने शिरकत की और इसी के साथ देश में दो महीने तक चलने वाले दीपों के इस त्योहार की शुरुआत हुई।

भारतीय उच्चायोग ने रविवार को कहा, ‘‘भारत से मणिपुरी सांस्कृतिक दल ने समारोह में भाग लिया और मणिपुर की कलाओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।’’

इस मंडली को भारतीय उच्चायोग (सिंगापुर) ने आमंत्रित किया था और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद ने इसे पूरा सहयोग दिया।

उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने भी दीपावली प्रकाश समारोह में भाग लिया।

मणिपुर का यह सांस्कृतिक दल रविवार दोपहर को ‘टैम्पाइन्स हब’ के फेस्टिव प्लाजा में भी प्रस्तुति देगा।

‘लिटिल इंडिया’ को सिंगापुर के 60वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के तौरपर 600,000 एलईडी लाइटों से सजाया गया है। यह इलाका दो किलोमीटर तक फैला हुआ है।

सिंगापुरवासी 20 अक्टूबर को दीपावली मनाएंगे और उस दिन यहां आधिकारिक अवकाश रहेगा।

समारोह के आयोजक ‘लिटिल इंडिया शॉप ओनर्स एंड हेरिटेज एसोसिएशन’ ने बताया कि परिसर का मुख्य मार्ग ‘सेरांगून रोड’ नौ नवंबर तक 64 दिनों तक शाम सात बजे से आधी रात तक जगमगाता रहेगा।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments