scorecardresearch
Friday, 5 September, 2025
होमदेशमुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने फूंका भाजपा विधायक के भाई का पुतला

मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने फूंका भाजपा विधायक के भाई का पुतला

Text Size:

गोरखपुर (उप्र), एक सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक महेंद्र पाल सिंह के भाई भोलेंद्र पाल सिंह के खिलाफ सोमवार को हिंदूवादी संगठनों ने प्रदर्शन किया।

गोरखपुर के इंद्र बाल विहार चौराहे पर आयोजित किये गये इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने ‘भोलेंद्र पाल मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और उनका पुतला जलाया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सिंह की टिप्पणी ने मुख्यमंत्री की गरिमा का अपमान किया है और जनभावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ”यह सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के नेतृत्व के सम्मान का मामला है।”

उन्होंने अधिकारियों से आरोपियों को ‘कड़ी से कड़ी सजा’ दिलाने की मांग की।

यह हंगामा पिछले हफ्ते भोलेंद्र पाल सिंह द्वारा मुख्यमंत्री, उनके विशेष कार्याधिकारी और एक विधायक को निशाना बनाकर फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट को लेकर किया गया है।

डिलीट किये जाने से पहले यह पोस्ट वायरल हुई थी। पुलिस ने सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्हें रविवार देर रात कुशीनगर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवादास्पद पोस्ट के तीन दिनों के भीतर भोलेंद्र सिंह के खिलाफ छह प्राथमिकी दर्ज की गयी थीं। उनके भाई महेंद्र सिंह गोरखपुर जिले के पिपराइच से दो बार विधायक रह चुके हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में भी पिपराइच थाने में एक और मामला दर्ज किया गया। इससे उनके खिलाफ पंजीकृत कुल मुकदमों की संख्या सात हो गई है।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक महेंद्र पाल ने अपने भाई के कृत्य से खुद को अलग करते हुए कहा, ”उसने जो किया है, उससे मुझे गहरा दुख हुआ है। प्रशासन जो भी कार्रवाई करता है, उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है।”

भाषा सं. सलीम

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments