scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशपुडुचेरी के आदि द्रविड़ कल्याण मंत्री सरवनन कुमार ने त्यागपत्र दिया

पुडुचेरी के आदि द्रविड़ कल्याण मंत्री सरवनन कुमार ने त्यागपत्र दिया

Text Size:

पुडुचेरी, 27 जून (भाषा) पुडुचेरी के आदि द्रविड़ कल्याण मंत्री ए के साई जे सरवनन कुमार ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह भाजपा विधायक बने रहेंगे। इसके अलावा, तीन मनोनीत विधायकों के वेंकटेशन, वी पी रामलिंगम और आर बी अशोक बाबू ने भी अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

विधानसभा में ओसुडु (आरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कुमार ने यहां मुख्यमंत्री एन रंगासामी के कार्यालय में अपना त्यागपत्र सौंपा।

उपराज्यपाल के कैलाशनाथन से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।

पुडुचेरी में रंगासामी की अगुवाई में एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन की सरकार है।

केंद्र शासित प्रदेश में मंत्रिमंडल सदस्यों की संख्या छह से घटकर अब पांच रह गई है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)आलाकमान से निर्देश मिलने के बाद जल्द ही मौजूदा अध्यक्ष पर फैसला किया जाएगा।

कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश के बाद उन्होंने अपना पद छोड़ दिया है और पार्टी (भाजपा) के विकास से जुड़े काम को देखेंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह भाजपा की पुडुचेरी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने कहा, ‘‘अगर प्रधानमंत्री कहेंगे तो मैं चुनाव लड़ूंगा।’’

अध्यक्ष पद के लिए चुनाव यहां 30 जून को होगा।

पुडुचेरी विधानसभा के अध्यक्ष आर. सेल्वम ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि तीन मनोनीत विधायकों ने भाजपा में काम करने के लिए विधायक पद छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के नामांकन पर अगले कुछ दिनों में फैसला किया जाएगा।

भाषा रंजन धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments