scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंका के समुद्री डाकुओं ने हमला किया

तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंका के समुद्री डाकुओं ने हमला किया

Text Size:

नागपट्टिनम (तमिलनाडु), 26 जून (भाषा) दो नौकाओं में मछली पकड़ने के लिए निकले नागपट्टिनम के मछुआरों के एक समूह पर बीच समुद्र में कथित तौर पर श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं ने हमला किया और उनसे लूटपाट की।

मत्स्य विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हमले में एक मछुआरे के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि तीन अन्य भी घायल हुए हैं।

घटना बुधवार रात की है, सभी पीड़ित मछुआरे वापस अपने जिले में लौट आए हैं।

जिले में सेरुथुर गांव के रहने वाले पीड़ित मछुआरों ने दावा किया कि समुद्री डाकुओं ने उन पर हमला किया और उनके मछली पकड़ने के जाल, उपकरण और पकड़ी गई मछलियां लूट लीं।

आठ लोग मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं में गए थे, बीच समुद्र में एक समूह चुपके से एक मशीनीकृत नौका में आया और मछुआरों की नौका पर चढ़ गया जिसके बाद उन पर हमला शुरू कर दिया।

भारतीय राष्ट्रीय मछुआरा संघ के अध्यक्ष आर एम पी राजेंद्र नट्टार ने कहा, ‘‘समुद्री डाकुओं द्वारा हमले आम हो गए हैं। और ताजा घटना में कोडियाकराई से लगभग 20 समुद्री मील पूर्व में हमारे नागपट्टिनम के आठ मछुआरों पर बीच समुद्र में हमला किया गया।’’

उन्होंने कहा कि मछुआरों ने खुद को बचाने की कोशिश भी की लेकिन जब उनमें से एक सेंथिलनाथन (42) के सिर पर चोट लग गई तो मछुआरे पीछे हट गए और नागपट्टिनम तट की ओर भाग गए।

बृहस्पतिवार सुबह वापस लौटने के बाद घायलों को नागपट्टिनम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

नट्टार ने राज्य और केंद्र सरकार से अपील की है कि वे तमिलनाडु के मछुआरों को भविष्य में ऐसे हमलों से बचाने के लिए कदम उठाएं।

भाषा खारी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments