scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशमुंबई में लगातार बारिश से लोकल ट्रेन, मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं

मुंबई में लगातार बारिश से लोकल ट्रेन, मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुईं

Text Size:

मुंबई, 16 जून (भाषा) मुंबई में सोमवार सुबह बारिश होने से निचले इलाके जलमग्न हो गए और सड़क यातायात, उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा तथा मेट्रो रेल सेवाएं बाधित हुईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में शहर और उपनगरों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

अधिकारियों के अनुसार मुंबई में सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में औसतन 95 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 58 और 75 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मंगलवार को अपराह्न 3.31 बजे 4.21 मीटर का उच्च ज्वार आने की उम्मीद है, इसके बाद मंगलवार तड़के 3.31 बजे 3.44 मीटर का एक और उच्च ज्वार आ सकता है। रात 9.41 बजे 1.86 मीटर का निम्न ज्वार, जबकि मंगलवार को सुबह 9.10 बजे 1.33 मीटर का निम्न ज्वार आने का पूर्वानुमान है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर और उपनगरों में लगातार बारिश हुई, जिसमें बीच-बीच में भारी बारिश हुई और इससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। मध्य और पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी देरी से चल रही हैं।

कुछ यात्रियों ने दावा किया कि सुबह के व्यस्त समय में मध्य रेलवे की सेवाएं 20 से 30 मिनट देरी से चलीं। दोपहर में आजाद नगर स्टेशन पर ओवरहेड तारों पर प्लास्टिक शीट गिरने के बाद घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा लाइन पर मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए बाधित रही।

मुंबई मेट्रो वन ने ‘एक्स’ पर बताया, ‘‘अब सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। तेज हवाओं के कारण, पास के एक निर्माण स्थल से एक प्लास्टिक शीट उड़कर आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिकल लाइन पर गई थी, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं।’’

भाषा वैभव अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments