नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) इंटीरियर फिट-आउट समाधान प्रदाता एलिगेंज इंटीरियर्स ने अपने 78 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 123-130 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कंपनी का सार्वजनिक निर्गम सात फरवरी को खुलेगा।
कंपनी ने बयान में कहा कि आरंभिक शेयर बिक्री 11 फरवरी को बंदी होगी और उसके शेयर एनएसई के एसएमई मंच इमर्ज पर सूचीबद्ध होंगे।
इसमें कहा गया है कि निवेशक न्यूनतम 1,000 शेयर और उसके गुणकों में बोली लगा सकते हैं।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पूरी तरह से 10 रुपये प्रत्येक के अंकित मूल्य वाले 60.05 लाख इक्विटी शेयरों का एक नया निर्गम है, जिसे बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से पेश किया जाता है।
ऊपरी मूल्य छोर पर, कंपनी सार्वजनिक निर्गम से लगभग 78.07 करोड़ रुपये जुटाएगी।
सार्वजनिक निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग ऋण चुकाने, कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
चालू वित्त वर्ष (सितंबर, 2024 को समाप्त) की पहली छमाही में, एलिगेंज़ इंटीरियर्स ने 192.09 करोड़ रुपये की परिचालन आय पर 9.53 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.