scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमखेलऐसाम ने भारत के खिलाफ एकल मुकाबला खेलने का संकेत दिया

ऐसाम ने भारत के खिलाफ एकल मुकाबला खेलने का संकेत दिया

Text Size:

 … अमनप्रीत सिंह …

इस्लामाबाद, 31 जनवरी (भाषा) पाकिस्तान के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल ऐसाम उल कुरैशी भारत के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले डेविस कप विश्व ग्रुप एक टाई के एकल मुकाबले में भी चुनौती पेश कर सकते हैं।  ऐसाम एटीपी टूर पर एकल नहीं खेलते हैं लेकिन जब राष्ट्रीय टीम को ऐसी जरूरत होती है तो वह स्वेच्छा से इस जिम्मेदारी को उठाते हैं। मुकाबले के शुरुआती दिन दो एकल मुकाबले होंगे और ऐसाम उनमें से एक में रामकुमार रामनाथन या एन श्रीराम बालाजी के खिलाफ खेल सकते हैं। इस 43 साल के खिलाड़ी ने सितंबर 2023 में घरेलू ग्रास कोर्ट मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाफ भी एकल मैच खेला था। उन्होंने लिथुआनिया (2022), जापान (2021) और स्लोवेनिया (2020) के खिलाफ भी एकल मैच खेले थे। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ मैंने हमेशा सोचा है कि मैं एकल खेलूंगा, लेकिन मैं हर बार ऐसा नहीं करता। मैं हर चीज के लिए तैयारी कर रहा हूं, एकल और युगल। यही बात टीम में सभी के लिए लागू होती है। देखते है क्या होता है। हमारे पास अभी अभ्यास का एक और दिन है।’’ लगातार दूसरे दिन बूंदाबांदी के कारण पाकिस्तान डेविस कप टीम का अभ्यास सत्र प्रभावित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों को भी बुधवार को इंडोर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे पहले मंगलवार को जब भारतीय टीम अपने तीन घंटे के सत्र को खत्म करने के करीब थी तब बारिश शुरू हो गयी। ऐसाम ने कहा कि लगातार दो दिनों तक अभ्यास का मौका नहीं मिलने से वास्तव में तैयारियों पर असर पड़ता है। मौजूदा समय में युगल रैंकिंग में 154 वें स्थान पर काबिज ऐसाम ने कहा, ‘‘ निश्चित तौर पर इन चीजों का असर तैयारियों पर पड़ता है। ये ऐसी चीजें है जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। हमें उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की ज़रूरत है जिन्हें हम नियंत्रित कर सकते हैं । मुझे यकीन है कि भारतीय टीम का अभ्यास भी प्रभावित हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि शनिवार और रविवार को मौसम अच्छा रहेगा ताकि हम एक शानदार मुकाबला खेल सकें।’’ पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद आबिद को उम्मीद है कि इससे खिलाड़ियों को फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘‘खैर, इससे खिलाड़ियों को अच्छा आराम मिल गया है। ’’ भाषा आनन्द सुधीरसुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments