scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमखेलमुशीर का शतक, भारत अंडर-19 टीम ने आयरलैंड के खिलाफ सात विकेट पर 301 रन बनाए

मुशीर का शतक, भारत अंडर-19 टीम ने आयरलैंड के खिलाफ सात विकेट पर 301 रन बनाए

Text Size:

ब्लोमफोंटेन, 25 जनवरी (भाषा) मुशीर खान के शतक से भारत ने गुरुवार को यहां अंडर-19 विश्व कप में आयरलैंड के खिलाफ सात विकेट पर 301 रन बनाए।

मुशीर के बड़े भाई सरफराज ने अहमदाबाद में इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में जिस दिन 161 रन की पारी खेली उसकी दिन उन्होंने हजारों किलोमीटर दूर यहां ब्लोमफोंटेन में 106 गेंद में नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 118 रन बनाए।

मुशीर 66 गेंद में अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली 34 गेंद में शतक तक पहुंचे। उन्होंने कप्तान उदय सहारन (84 गेंद में 75 रन) के साथ 156 रन की साझेदारी की।

भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल संभवत: सबसे प्रतिभावान खिलाड़ी सचिन धास ने अंत में नौ गेंद में 21 रन की पारी खेलकर भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया जो इस मैदान पर अंडर-19 अंतरराष्ट्रीय मैच का सर्वोच्च स्कोर है।

भारत ने अंतिम 10 ओवर में 119 रन बटोरे।

मुशीर ने लय में आने में समय लिया लेकिन फिर आयरलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ मैदान पर चारों तरफ शॉट खेले।

ऑन साइड पर मजबूत मुशीर ने अपने सभी छक्के स्क्वायर लेग, डीप मिडविकेट और लॉन्ग ऑन के बीच मारे। उन्होंने विरोधी टीम के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज ओलिवर रिली (55 रन पर तीन विकेट) पर भी दो छक्के मारे।

पहले मैच की तरह सहारन ने एक बार फिर एंकर की भूमिका निभाते हुए स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और मुशीर को उनका नैसर्गिक आक्रामक खेल खेलने दिया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments