scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमखेललवलीना को रजत, परवीन को कांस्य पदक मिला

लवलीना को रजत, परवीन को कांस्य पदक मिला

Text Size:

हांगझोउ, चार अक्टूबर (भाषा) तोक्यो ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को एशियाई खेलों में बुधवार को एकतरफा फाइनल में हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा जबकि परवीन हुड्डा को कांस्य पदक मिला ।

मौजूदा एशियाई चैम्पियन लवलीना को दो बार की ओलंपिक पदक विजेता लि कियान ने 75 किलो फाइनल में हराया ।

इसके साथ ही मुक्केबाजी में भारत की चुनौती समाप्त हो गई । भारत ने एक रजत और चार कांस्य समेत पांच पदक जीते ।

लवलीना ने मुकाबले के बाद कहा ,‘ मैने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन स्वर्ण नहीं जीत सकी । मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं । ओलंपिक में पदक का रंग बदलने की कोशिश करूंगी।’’

फाइनल में दोनों मुक्केबाजों ने एक दूसरे पर मुक्के लगाये लेकिन सटीक नहीं लगे । पहले राउंड में कोई भी प्रभावित नहीं कर सका । लवलीना को दो बार चेतावनी भी मिली और कियान ने 3 . 2 से यह राउंड जीता ।

दूसरे राउंड में दोनों मुक्केबाजों ने एक दूसरे को पकड़ने की कोशिश की । लवलीना को इसके चक्कर में फिर चेतावनी मिली और एक अंक भी उसने गंवाया । पहले दो राउंड के बाद उसे सक्रिय होना था लेकिन शायद उसने दो राउंड के बाद ही हार मान ली ।

महिला 57 किग्रा सेमीफाइनल में परवीन को दो बार की विश्व चैंपियन चीनी ताइपे की लिन यू टिंग के खिलाफ हार के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

विश्व चैंपियनशिप 2022 की कांस्य पदक विजेता परवीन को लिन ने 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया।

लंबाई में लिन से कम होने का भी परवीन को खामियाजा भुगतना पड़ा और वह चीनी ताइपे की खिलाड़ी को मुक्के जड़कर अंक जुटाने में नाकाम रहीं।

पहले दौर में पिछड़ने के बाद परवीन ने दूसरे दौर में आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन 27 साल की लिन ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए भारतीय खिलाड़ी के प्रयासों को नाकाम कर दिया।

परवीन को बीच-बीच में लिन को मुक्के जड़ने में सफलता भी मिली लेकिन यह जीत दर्ज करने के लिए काफी नहीं था।

तेइस साल की परवीन पहले ही अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल कर चुकी है।

परवीन मौजूदा खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली चौथी भारतीय मुक्केबाज हैं।

दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन (50 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और नरेंद्र बेरवाल (92 किग्रा से अधिक) को भी सेमीफाइनल में हार के साथ कांस्य पदक मिला था।

भाषा

मोना सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments