scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमखेलफिडे विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप: मैक्सिको दूतावास से भारतीय खिलाड़ियों के वीजा में विलंब

फिडे विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप: मैक्सिको दूतावास से भारतीय खिलाड़ियों के वीजा में विलंब

Text Size:

(आयुष गुप्ता)

चेन्नई, 17 सितंबर (भाषा) भारत के फिडे विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप में हिस्सा लेने पर अनिश्चितता के बादल छाए हैं क्योंकि बुधवार से शुरू हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए कुछ खिलाड़ियों को अब तक मैक्सिको सिटी की यात्रा का वीजा नहीं मिला है।

सूत्रों के अनुसार खिलाड़ियों को मैक्सिको की राजधानी के लिए सोमवार को रवाना होना है और वीजा में विलंब के कारण इस वैश्विक प्रतियोगिता में उनके प्रतिनिधित्व को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

फिडे सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने पीटीआई से कहा, ‘‘सर्वश्रेष्ठ प्रयासों और भारत सरकार से स्वीकृति के बावजूद हमें अब तक मैक्सिको दूतावास से स्वीकृति नहीं मिली है जिसके कारण वीजा जारी होने में विलंब हो रहा है।’’

उन्होंने कहा,‘‘खिलाड़ियों को कल (सोमवार को) रवाना होना है और अंतिम दिन तक मामला लटका हुआ है। कोई स्पष्टता नहीं है कि वीजा समय पर जारी हो पाएगा या नहीं।’’

पीटीआई के पास मौजूदा डाटा शीट के अनुसार भारत सरकार के खर्चे पर जा रहे पांच भारतीय खिलाड़ियों को अब तक वीजा नहीं मिला है।

ये खिलाड़ी व्रशांक चौहान, अरूण कटारिया, भाग्यश्री पाटिल, प्रणीत वुप्पला और फेमिल चेलादुरई हैं। साथ ही कोच प्रवीण ठिप्से एम और किरण अग्रवाल भी इस सूची में शामिल हैं।

चौहान ने कहा, ‘‘यह बेहद निराशाजनक है क्योंकि सभी भारतीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। टीम शीर्ष पर रहने के प्रबल दावेदारों में शामिल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रतियोगिता मैक्सिको की सरकार की मंजूरी के साथ मैक्सिको के शतरंज संघ द्वारा आयोजित की जा रही है और यह सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी होनी चाहिए कि दूतावास समय पर वीजा जारी करने के लिए सभी आवश्यक मंजूरी दे।’’

चौहान ने कहा, ‘‘भारतीय अधिकारियों ने अपना काम कर दिया है और अब यह उन (मैक्सिको के अधिकारियों) पर निर्भर है। हम बस इतना कर सकते हैं कि आज या कल तक वीजा आने की उम्मीद कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि इसी तरह की समस्या का सामना नेपाल की टीम को भी करना पड़ रहा है जो भारत में है और सोमवार को मैक्सिको की राजधानी के लिए रवाना होने वाली है।

भाषा सुधीर पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments