scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र में रिफाइनरी के खिलाफ प्रदर्शन : दो कार्यकर्ता गिरफ्तार

महाराष्ट्र में रिफाइनरी के खिलाफ प्रदर्शन : दो कार्यकर्ता गिरफ्तार

Text Size:

मुंबई, 25 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के रत्नागिरी में प्रस्तावित तेलशोधन कारखाने (रिफाइनरी) के खिलाफ प्रदर्शन के सिलसिले में मुंबई के रहने वाले दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनों को हवा दे रहे बारसू-सोलगांव रिफाइनरी विरोधी संगठन की मुंबई इकाई के अध्यक्ष वैभव कोलवंकर (35) और स्वप्निल सीताराम सोगम (29) को राजापुर पुलिस ने सोमवार शाम को गिरफ्तार किया।

गौरतलब है कि मुंबई से करीब 400 किलोमीटर दूर राजापुर तहसील के बारसू गांव में तेल शोधन कारखाना स्थापित करने का प्रस्ताव है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों कार्यकर्ताओं को मुंबई स्थित उनके घर से दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा- 151 (3)(एहतियातन गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि कोलवंकर मूल रूप से बारसू के नजदीक सोलगांव का रहने वाला है जबकि सोगम मूल रूप से पन्हाले का निवासी है और दोनों स्थान राजापुर तहसील के अंतर्गत आते हैं।

पुलिस ने दावा किया कि सोगम को सोशल मीडिया पर प्रदर्शनों का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये लोगों से प्रदर्शनों में शामिल होने की अपील करने के आरोप में इससे पहले रत्नागिरी पुलिस ने सत्यजीत चव्हाण और मंगेश चव्हाण नामक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को बारसू में परियोजना स्थल से 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।

भाषा धीरज वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments