चेन्नई, 17 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दुबई में एक इमारत में आग लगने से मारे गए दो लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की और कहा कि शवों को लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री जन राहत कोष से अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मृतकों की पहचान तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले के शंकरपुरम ब्लॉक के इमाम कासिम (43) और एस मोहम्मद रफीक (49) के रूप में हुई है।
दुबई में एक आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से मरने वाले 16 लोगों में केरल के एक दंपति के अलावा ये दो व्यक्ति शामिल थे। दुबई के पास अल रास में शनिवार दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर इमारत में आग लगने से नौ लोग घायल हो गए। स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:42 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री के हवाले से कहा गया है कि भारतीय दूतावास के जरिए शव जल्द ही तमिलनाडु लाए जाएंगे और अनिवासी तमिल कल्याण मंत्री गिंगी के एस मस्तान से प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति शोक प्रकट किया है। रामदास ने एक ट्वीट में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को दोनों शव लाने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.