नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को यहां कस्तूरबा गांधी मार्ग पर एक कार्यालय परिसर का उद्घाटन किया, जिसमें श्रम एवं रोजगार, ऊर्जा एवं पत्तन, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय होंगे, जो फिलहाल श्रम शक्ति भवन और परिवहन भवन में स्थित हैं।
इन मंत्रालयों के कार्यालय अगले कुछ दिन में इस नयी इमारत में स्थानांतरित होने लगेंगे।
सरकार अपनी महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत श्रम शक्ति भवन और परिवहन भवन को ध्वस्त कर देगी और वहां सांसदों के लिए एक कार्यालय परिसर का निर्माण किया जाएगा।
सेंट्रल विस्टा परियोजना में टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा बनाए जा रहे नए संसद भवन को सांसदों के कक्षों से जोड़ने वाली एक सुरंग बनाने की भी योजना है।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अनुसार, 61,454 वर्गमीटर क्षेत्र में फैली अत्याधुनिक नौ मंजिला इमारत में तीन कैबिनेट मंत्रियों, चार राज्य मंत्रियों, तीन सचिवों और 1,315 अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था है।
मंत्रालय के अनुसार पुरी ने केजी मार्ग पर स्थित एक अन्य कार्यालय परिसर का उद्घाटन किया है, जिसमें राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के लिए पारगमन आवास होगा।
मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा 351.37 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत के मुकाबले 325 करोड़ रुपये में परियोजना पूरी की गई है।’
भाषा जोहेब वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.