नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) बठिंडा सैन्य ठिकाने से गुम हुई एक इंसास राइफल बरामद कर ली गयी है जिसके बारे में आशंका है कि बुधवार तड़के सेना के चार जवानों को मारने में इसका इस्तेमाल किया गया। सेना ने यह जानकारी दी।
सेना ने घटना से संबंधित परिस्थितियों और अन्य विवरणों का उल्लेख किए बिना एक बयान में कहा कि सैन्य अड्डे पर तड़के लगभग 4.35 बजे गोलीबारी की घटना में तोपखाना इकाई के चार सैनिक मारे गए।
सेना के सूत्रों ने बताया कि पुलिस बल के सहयोग से जारी जांच के अलावा ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ (सीओआई) से पूरी घटना की छानबीन की जायेगी। शुरुआत में पुलिस ने संकेत दिया कि यह जवानों के बीच आपस में हुई गोलीबारी की घटना है। हालांकि सैन्य सूत्रों ने कहा कि घटना के बारे में अब तक विवरण स्पष्ट नहीं हैं।
सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान ने एक बयान में कहा, ‘‘यह पता चला है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, तोपखाना इकाई के चार जवानों की घटना के दौरान गोली लगने से जान चली गई। किसी अन्य के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।’’
सेना ने कहा कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और मामले के तथ्यों का पता लगाने के लिए पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त जांच की जा रही है।
सेना के शुरुआती बयान के अनुसार, दो दिन पहले एक इंसास राइफल और उसकी 28 गोलियां गुम होने के साथ-साथ, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कुछ घंटे बाद बयान में कहा गया कि राइफल बरामद कर ली गई है।
बठिंडा सैन्य अड्डा देश के सबसे बड़े ‘आर्मी बेस’ में से एक है और यहां सेना की बड़ी संख्या में ‘ऑपरेशनल यूनिट’ हैं।
सेना ने कहा कि हत्या के लिए अभी तक किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है, न ही पकड़ा गया है। सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान ने कहा, ‘‘तलाश करने वाली टीम ने मैगजीन के साथ इंसास राइफल बरामद की है। सेना और पुलिस की संयुक्त टीम अब और जानकारी हासिल करने के लिए हथियार का फॉरेंसिक विश्लेषण करेंगी।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘हथियार में शेष गोलियों के बारे में फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद ही जानकारी मिल पाएगी। पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त जांच जारी है।’’
सेना ने कहा कि जांच के लिए पुलिस को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है। सेना ने अपने बयान में मीडिया से अफवाहों से बचने और इसमें शामिल संवेदनशीलता को देखते हुए अटकलों को लगाने से बचने का अनुरोध किया। सेना ने मृतक जवानों के परिजनों को घटना की जानकारी पहले ही दे दी है।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.