scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशएअर इंडिया ने दरवाजा खोलने की कोशिश करने वाले यात्री को विमान से उतारा, पुलिस को सौंपा

एअर इंडिया ने दरवाजा खोलने की कोशिश करने वाले यात्री को विमान से उतारा, पुलिस को सौंपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) एअर इंडिया ने दिल्ली-लंदन उड़ान के कैबिन क्रू सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने के आरोप में एक अशिष्ट व्यक्ति को सोमवार सुबह विमान से उतार दिया। विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद यात्री को उतारने के लिए राष्ट्रीय राजधानी लौट आया और इसने करीब तीन घंटे बाद फिर से उड़ान भरी।

यहां पुलिस ने बताया कि बीच हवा में हंगामा करने वाले यात्री ने विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी तथा जब चालक दल की दो सदस्यों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उनसे मारपीट की।

पुलिस ने बताया कि जसकीरत सिंह (25) ने चालक दल के सदस्यों से गाली-गलौज की और उनमें से एक महिला कर्मी की गर्दन पर वार किया जिससे वह फर्श पर गिर पड़ी। इसके बाद उसने चालक दल की सदस्य के बाल खींचे और एक अन्य सदस्य के चेहरे पर वार किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिंह को चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों की मदद से काबू में किया गया तथा विमान को वापस दिल्ली लाया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद यात्री को विमान से उतारा गया और फिर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) देवेश कुमार महला ने कहा कि 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने वाले सिंह से जब पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने जवाब दिया, ‘‘मन खराब था।’’

उन्होंने बताया कि पंजाब के कपूरथला का रहने वाला जसकीरत सिंह और उसका पिता पहली बार विदेश जा रहे थे तथा लंदन पहुंचने के बाद उनकी सिंह की बहन से मिलने कनाडा जाने की योजना थी।

महला ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली और जसकीरत सिंह को हिरासत में ले लिया गया तथा मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता तथा विमान नियम, 1937 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एअर इंडिया की उड़ान एआई-111 ने दिल्ली से सुबह छह बजकर 35 मिनट पर लंदन के लिए उड़ान भरी थी। करीब एक घंटे बाद सिंह को विमान का एक दरवाजा खोलने की कोशिश करते हुए पाया गया।

उन्होंने बताया कि चालक दल की एक सदस्य ने अपनी सहकर्मी के साथ उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसने उन्हें मारने की धमकी दी तथा ‘‘अमर्यादित भाषा’’ का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह उग्र हो गया तथा उसने चालक दल की दोनों सदस्यों पर हमला कर दिया।

महला ने बताया कि आरोपी की मेडिकल जांच भी कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसने शराब पी रखी थी।

एअरलाइन ने बताया कि उड़ान एआई 111 दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी और यात्री को सुरक्षाकर्मियों के सुपुर्द कर दिया गया तथा पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

इसने एक बयान में कहा, ‘‘व्यक्ति को चेतावनी दी गई, लेकिन उसने इसे अनसुना कर दिया और अमर्यादित व्यवहार करता रहा। उसने कैबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने का भी प्रयास किया।’’

विमान ने लंदन हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी जो ‘‘यात्री के गंभीर अमर्यादित व्यवहार के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आया।’’ पायलट ने दिल्ली हवाई अड्डा लौटने का फैसला किया।

एअरलाइन ने कहा कि विमान ने बाद में दोपहर के समय लंदन के लिए उड़ान भरी।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के सूत्रों ने कहा कि विमान ने सुबह करीब छह बजकर 35 मिनट पर राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरी थी लेकिन इसके तुरंत बाद ही आरोपी यात्री तथा चालक दल के दो सदस्यों के बीच विवाद हुआ।

उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान दिल्ली की ओर वापस मुड़ा और सुबह करीब नौ बजकर 40 मिनट पर यहां उतरा। सूत्रों ने बताया कि विमान में करीब 225 यात्री सवार थे।

एअरलाइन ने कहा, ‘‘एअर इंडिया में सवार सभी लोगों के लिए सुरक्षा, रक्षा और उनका सम्मान हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हम प्रभावित चालक दल के सदस्यों को हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए हमें खेद है।’’

डीजीसीए ने सोमवार को एअरलाइंस को एक परामर्श जारी कर अशिष्ट यात्रियों से निपटने के लिए मौजूदा प्रावधानों को दोहराया।

हाल के समय में घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय विमानों में यात्रा के दौरान यात्रियों के दुर्व्यवहार की कई घटनाएं हुई हैं।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने तीन अप्रैल को राज्यसभा में लिखित जवाब में बताया था कि 2022 में एअरलाइंस ने 63 लोगों को ‘नो फ्लाई लिस्ट’ में डाला था।

भाषा

गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments