नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) प्राकृतिक गैस की आधार कीमतों में कटौती के फैसले के बाद शहरी गैस वितरक टोरेंट गैस ने शनिवार को सीएनजी की कीमतें 8.25 रुपये प्रति किलोग्राम और पाइप वाली रसोई गैस की कीमतें पांच रुपये तक घटा दीं।
टोरेंट गैस के पास चेन्नई और जयपुर सहित देश भर के 34 जिलों में पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की आपूर्ति और मोटरवाहन को सीएनजी की खुदरा बिक्री के लिए शहरी गैस नेटवर्क संचालित करने का लाइसेंस है।
टोरेंट गैस ने एक बयान में कहा, “अपने परिचालन वाले क्षेत्रों में शाम से ही घरेलू पीएनजी की कीमत में चार रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) से लेकर पांच रुपये प्रति एससीएम तक की कटौती की जा रही है जबकि सीएनजी के खुदरा मूल्य में छह रुपये से लेकर 8.25 रुपये प्रति किलोग्राम की प्रभावी कटौती हुई है।”
इस फैसले के बाद सीएनजी पेट्रोल की तुलना में 47 प्रतिशत और डीजल की तुलना में 31 प्रतिशत सस्ती हो जाएगी। इसी तरह, घरेलू एलपीजी की तुलना में घरेलू पीएनजी अब 28 प्रतिशत तक सस्ती होगी।
सरकार ने एक दिन पहले ही प्राकृतिक गैस की कीमत निर्धारण करने का नया फॉर्मूला लागू किया था। उस फैसले के बाद तमाम शहरों में गैस आपूर्ति करने वाली कंपनियों ने सीएनजी और पीएनजी की कीमतें कम करनी शुरू कर दी हैं।
भाषा अनुराग प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.