नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) आईपीएल-2023 क्रिकेट टूर्नामेंट के मौजूदा सत्र में ‘फैंटेसी स्पोर्ट्स’ खंड की आय 30-35 प्रतिशत बढ़कर 2,900-3,100 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है। बाजार शोध फर्म रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट ने यह अनुमान लगाया है।
आंकड़ों के मुताबिक, गेमिंग मंच पर 6.5-7 करोड़ उपयोगकर्ताओं के लेनदेन करने की उम्मीद है।
रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट के भागीदार उज्ज्वल चौधरी ने कहा कि अधिक विपणन खर्च के साथ ‘फैंटेसी स्पोर्ट्स’ मंच के बारे में दिलचस्पी बढ़ी है।
उन्होंने कहा, ‘‘अब हम बॉलीवुड सितारों को प्रचार करते हुए देख रहे हैं। नियामकीय ढांचे, जीएसटी के बारे में अब बेहतर स्पष्टता है। गूगल की ओर से सकारात्मक रुख है, जहां इसने अपने पायलट कार्यक्रम के तहत प्लेस्टोर पर कुछ फैंटेसी मंचों को अनुमति दी है। भारत में फैटेसी स्पोर्ट्स के लिए ये सभी बेहद सकारात्मक कदम हैं। इसके साथ हमें उपयोगकर्ताओं के लेनदेन में 20-30 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद हैं।’’
गूगल ने अपने पायलट कार्यक्रम के तहत चुनिंदा फैंटेसी स्पोर्ट्स के ऐप को अनुमति दी है। इनमें ड्रीम11, गेम्स24X7 का माई11 सर्किल, एमपीएल रमी और फैंटेसी क्रिकेट जैसे बड़े मंच शामिल हैं।
चौधरी ने कहा, ‘‘हमें मौजूदा आईपीएल सत्र के दौरान फैंटेसी स्पोर्ट्स की कुल आय 2,900-3,100 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। इसमें भारत के सभी फैंटेसी क्रिकेट मंच शामिल हैं। यह पिछले साल के आईपीएल सत्र की तुलना में लगभग 30-35 प्रतिशत अधिक है।’’
आईपीएल-2023 क्रिकेट टूर्नामेंट 31 मार्च से शुरू हुआ और मई के अंत तक चलेगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.