scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशपर्यटन क्षेत्र में सामुदायिक भागीदारी इसके विकास के लिए महत्वपूर्ण : भारत के जी-20 समन्वयक शृंगला

पर्यटन क्षेत्र में सामुदायिक भागीदारी इसके विकास के लिए महत्वपूर्ण : भारत के जी-20 समन्वयक शृंगला

Text Size:

(उज़्मी अतहर)

दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल), एक अप्रैल (भाषा) भारत के जी-20 समन्वयक हर्षवर्धन शृंगला ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में चाय के बागानों में पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की क्षमता है और पर्यटन के विकास के लिए इस क्षेत्र में सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है।

शृंगला ने यहां जी-20 पर्यटन कार्य समूह की दूसरी बैठक से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से यह भी कहा कि सम्मेलन के पहले दिन जलवायु परिवर्तन की चपेट में आने वाले उत्तराखंड जैसे राज्यों पर काफी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘दीर्घकालिक पर्यटन और स्थानीय समुदायों को शामिल करने के मुद्दे पर हमने काफी चर्चा की।’’

शृंगला ने सुझाव दिया कि इस क्षेत्र में चाय बागान में पर्यटन के आकर्षण का केंद्र बनने की क्षमता है और इसके विकास के लिए पर्यटन प्रक्रिया में सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि चाय उद्योग स्थिरता प्रदान करता है, क्योंकि चाय उद्योग के लिए जैव विविधता बहुत महत्वपूर्ण है और मुझे लगता है कि देश के इस हिस्से में संरक्षण महत्वपूर्ण है।’’

पर्यटन कार्य समूह की दूसरी बैठक एक से तीन अप्रैल तक दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी में आयोजित की जा रही है।

बैठक में 130 से अधिक प्रतिभागी जुटे हैं, जिनमें जी-20 के सदस्य देशों के प्रतिनिधि, आमंत्रित देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन, उद्योग भागीदार, राज्य पर्यटन अधिकारी और स्थानीय टूर ऑपरेटर शामिल हैं।

भाषा सुरेश पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments